नई दिल्ली15 दिन पहले
- कॉपी लिंक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज यानी बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में किसानों को राहत देते हुए खरीफ फसलों न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी की है। इसके अलावा सरकार ने BSNL के लिए 4G और 5G स्पेक्ट्रम अलॉटमेंट को मंजूरी दे दी है। केंद्र ने कंपनी के रिवाइवल के लिए 89,047 करोड़ रुपए पैकेज देने का ऐलान भी किया है।
मूंग दाल का समर्थन मूल्य 10.4% बढ़ा
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि मूंग दाल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सबसे अधिक 10.4%, मूंगफली पर 9%, सेसमम पर 10.3%, धान पर 7%, जवार, बाजरा, रागी, मेज, अरहर दाल, उड़द दाल, सोयाबीन, सूरजमुखी बीज पर वित्त वर्ष 2023-2024 के लिए लगभग 6-7% की वृद्धि की गई है।

तुअर दाल की MSP में 400 रुपए की बढ़ोतरी
केंद्रीय कैबिनेट ने मक्का और दालों की मिनिमम सपोर्ट प्राइस (MSP) में बढ़ोतरी को भी मंजूरी दी है। तुअर दाल की MSP को 400 रुपए प्रति क्विंटल और उड़द दाल की MSP को 350 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाने को मंजूरी दे दी है।
इसके बाद अब तुअर दाल की MSP बढ़कर 7,000 रुपए प्रति क्विंटल और उड़द दाल की MSP 6,950 रुपए प्रति क्विंटल हो गई है। इसके साथ ही मक्का की MSP 128 रुपए प्रति क्विंटल और धान की MSP 143 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाई गई है।
BSNL के रिवाइवल के लिए 89,047 करोड़ रुपए के पैकेज को मंजूरी
इसके अलावा सरकार ने BSNL के रिवाइवल के लिए 89,047 करोड़ रुपए के पैकेज को मंजूरी दी है। कंपनी इस पैकेज का यूज 4G और 5G सर्विस शुरू करने, बैलेंसशीट को मजबूत करने और फाइबर नेटवर्क का एक्सपेंशन करने के लिए करेगी।
इससे पहले सरकार ने पिछले साल जुलाई 2022 में सरकार ने BSNL के रिवाइवल के लिए 1.64 लाख करोड़ के पैकेज को मंजूरी दी थी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उस समय कहा था कि इस पैकेज के जरिए BSNL को 4G में अपग्रेड करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही भारत ब्रॉडबैंड नेटवर्क लिमिटेड (BBNL) को भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) में मर्ज कर दिया गया है।
4G शुरू होने के 9 साल बाद भी BSNL नहीं शुरू कर पाया 4G सर्विस
भारत में रिलायंस जियो, एयरटेल सहित अन्य टेलीकॉम कंपनियों ने 5G सर्विस शुरू कर दी है। वहीं BSNL अभी तक 4G सर्विस शुरू नहीं कर पाया है। भारत में 4G की शुरुआत 2014 में हुई थी। 9 साल के बाद भी BSNL अभी तक 4G सर्विस शुरू नहीं कर सका है।
सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक मेट्रो कनेक्टिविटी को मंजूरी
गुरुग्राम में मेट्रो कनेक्टिविटी को 28.5 किलोमीटर बढ़ाया जाएगा। इसके लिए सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक मेट्रो कनेक्टिविटी को मंजूरी दी गई है। ये काम 5453 करोड़ रुपए की लागत से 4 सालों में पूरा किया जाएगा।