विवेक शर्मा,मानसा25 दिन पहले
- कॉपी लिंक

सिद्धू मूसेवाला की मां चरण कौर बातचीत करती हुई।
पंजाबी सिंगर शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला के कत्ल को आज एक साल पूरा हो गया। 29 मई की शाम को ही मानसा के गांव जवाहरके में 6 शूटरों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर उनकी हत्या कर दी थी।
इस हत्या की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस की गैंग ने ली। कनाडा बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने इस पूरी साजिश को अंजाम दिया। जिसमें लॉरेंस का भाई अनमोल और भांजा सचिन थापन भी शामिल था।
पुलिस ने इस मामले में 35 आरोपियों को नामजद किया है। इनमें से 4 की मौत हो चुकी है। 4 आरोपी विदेश में बैठे हैं। पंजाब पुलिस का कहना है कि इस केस की जांच पूरी हो चुकी है। कोर्ट में 1850 पेज का चालान पेश हो चुका है। हालांकि मूसेवाला का परिवार इससे नाखुश है। उनका कहना है कि सिर्फ खरीदे हुए हत्यारे पकड़े गए। जिनकी मूसेवाला से दुश्मनी थी, जिन्होंने पूरी साजिश रची, वह चेहरे अभी तक पकड़े नहीं गए हैं।
उलटा अब मूसेवाला का नाम गैंगवार से जोड़कर हमारे जख्म कुरेदे जा रहे हैं। दैनिक भास्कर ने मूसेवाला कत्ल के 1 साल पूरे होने पर उनकी माता सरपंच चरण कौर से एक्सक्लूसिव बातचीत की।
पढ़िए चरण कौर से हुई विस्तृत बातचीत के प्रमुख अंश…
सवाल: पंजाब पुलिस ने मूसेवाला मर्डर की कार्रवाई पूरी कर दी है। क्या आप संतुष्ट हैं?
जवाब: अगर हम कार्रवाई से संतुष्ट होते तो अब तक क्यों बोलते। हमारा कोई दिमाग खराब है क्या?, हमारे ऊपर इन्होंने इतना बड़ा पत्थर मार दिया कि हम उठने लायक भी नहीं रहे। अगर हमें इंसाफ मिला होता तो रोज दर-दर भटकने की क्या जरूरत थी।
सवाल: सिद्धू मूसेवाला की हत्या को गैंगवार से जोड़ा जा रहा है?
जवाब: इससे बड़ी बात क्या हो सकती है कि मरहम लगाने की जगह ऐसी बातें कर रोज हमारे जख्मों को कुरेदते हैं। गैंगवार से हमारा क्या मतलब था?। सीधे वे गोलियां चला नहीं सकते थे इसलिए लोग खरीदकर उनसे गोलियां चलवाई।
इन्होंने रट लगाई कि 35-40 जेल में हैं, लेकिन वे हैं कौन, ये सब गोलियां चलाने और हथियार और गाड़ियां देने वाले हैं, असली दोषी तो अभी बाहर हैं।

सवाल: CM भगवंत मान ने कहा था कि गोल्डी बराड़ पकड़ा गया। फिर अनमोल बिश्नोई की भी अमेरिका में वीडियो सामने आई?
जवाब: पब्लिक सब जानती है। सोशल मीडिया का जमाना है। हरेक को पता है कि (लॉरेंस की) इंटरव्यू कैसे हुई?। यह सब सरकार के हाथ में हैं। सरकार चाहे तो एक घंटे में पता चल सकता है कि इंटरव्यू कैसे हुई?
सवाल: पंजाब सरकार के मंत्री कुलदीप धालीवाल ने विधानसभा के बाहर कहा था कि सहयोग करेंगे, आप धरना मत दीजिए। उसके बाद उनसे कोई बात हुई?
जवाब: 4 महीने हो गए, उन्होंने कोई फोन भी नहीं किया। यह भी नहीं कहा कि हमने भरोसा देकर उठाया था तो आपके साथ बात करनी है।

सवाल: आप कह रही हैं कि जो पकड़े गए, वह सब खरीदे हुए हैं। फिर कत्ल के पीछे कौन है?। क्या कोई नेता, सिंगर या कोई दूसरा है?
जवाब: सब मिले हुए हैं। हम तो नाम लेकर भी थक गए। हमने शक भी जताया कि इन्हें पकड़ो। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही, क्या करें?।

सवाल: मूसेवाला के कत्ल की कार्रवाई कहां तक पहुंची?, आपको क्या लगता है
जवाब: जांच और कार्रवाई जहां 8-9 महीने पहले थी, वहीं पर खड़ी है।
सवाल: सरकार से आपको कोई उम्मीद लगती है?
जवाब: सरकार ने कुछ करना होता तो साल हो गया। एक साल में कुछ नहीं हुआ तो आगे क्या उम्मीद कर सकते हैं।

जानिए.. इस मामले में पुलिस ने क्या कहा
मानसा के एसपी डिटेक्टिव बाल कृष्ण सिंगला ने कहा- इस मामले में सरकार द्वारा बनाई गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) अपना काम कर चुकी है। दो चालान पेश हो चुके है। 27 के खिलाफ कोर्ट में मामला पहुंच चुका है। पुलिस अपना काम कर रही है। सतिंदर सिंह उर्फ गोल्डी बराड़, सचिन थापन, अनमोल और लिपिन नेहरा विदेश में हैं, जिन्हें भारत लाने का प्रयास जारी है। उन्हें यहां लाने के बाद उनके खिलाफ भी कोर्ट में चालान पेश किया जाएगा।
मूसेवाला की हत्या के बाद 4 बड़ी बातें
1. पुलिस ने 4 शूटर पकड़े, 2 का एनकाउंटर हुआ
मूसेवाला की हत्या में 6 शूटर प्रियवर्त फौजी, अंकित सेरसा, कशिश, दीपक मुंडी, मनप्रीत मन्नू और जगरूप सिंह रूपा शामिल थे। पुलिस ने फौजी, सेरसा, कशिश और मुंडी को पकड़ लिया। मन्नू और रूपा का अटारी बॉर्डर के नजदीक एनकाउंटर कर दिया गया।
2. लॉरेंस की इंटरव्यू सामने आई
14 और 16 मार्च को गैंगस्टर लॉरेंस के 2 इंटरव्यू सामने आए। यह इंटरव्यू जेल से दिए गए। पहले इंटरव्यू के बाद पंजाब DGP गौरव यादव ने कहा कि इसे पंजाब से बाहर रिकॉर्ड किया गया। 2 दिन बाद फिर लॉरेंस का इंटरव्यू आया। जिसमें उसने जेल की बैरक भी दिखाई। दावा किया गया कि यह इंटरव्यू बठिंडा जेल से हुई। पंजाब पुलिस ने इसकी जांच बिठाई लेकिन आज तक रिपोर्ट नहीं आई।
3.लॉरेंस और जग्गू भगवानपुरिया गैंग में दुश्मनी, गैंगवार में 2 गुर्गे मरे
मूसेवाला की हत्या के बाद लॉरेंस और जग्गू गैंग में दुश्मनी हो गई है। कुछ दिन पहले पंजाब की गोइंदवाल जेल में लॉरेंस और जग्गू के गुर्गे भिड़ गए। जिसमें जग्गू गैंग के शूटर मनी रईया उर्फ तूफान और मनमोहन उर्फ मोहना मानसा की हत्या कर दी गई। यह गैंगवार मूसेवाला के कातिलों में ही हुई थी।
4. अनमोल के डिटेन होने का दावा था, अमेरिका में नजर आया
लॉरेंस के भाई अनमोल को दुबई में डिटेन करने की बात सामने आई। हालांकि कुछ दिन पहले वह अमेरिका में नजर आया। यहां सिंगर करण औजला के शो में वह थिरकता नजर आया। गोल्डी बराड़ के भी कनाडा से भागकर अमेरिका की फ्रेसनो सिटी में छुपे होने का शक है।
ये खबर भी पढ़ें:-
मौत के बाद भी गानों में जिंदा सिद्धू मूसेवाला:हत्या से पहले कई गाने रिकॉर्ड किए, लेकिन पूरे नहीं, 6-6 महीने में सॉन्ग रिलीज

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या हुए आज एक साल हो गया है। मूसेवाला तो इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन वह आज भी अपने गानों से फैंस के दिलों में जिंदा हैं। वह अपनी मौत से पहले ही इतने गाने रिकॉर्ड कर गए हैं कि आगे आने वाले कई सालों तक उसके फैंस अपने सिंगर को सुनते रहेंगे और साथ ही यूट्यूब पर रिकॉर्ड बनाते रहेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
सिद्धू मूसेवाला की लास्ट राइड थार:अब भी 32 जगह गोलियों के निशान, फैमिली ने दिल्ली से रिफर्बिश कराई, बंद कंटेनर में ले गए

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की एक साल पहले, 29 मई 2022 को लॉरेंस गैंग ने पंजाब के मानसा जिले में गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। उस समय सिद्धू अपनी थार जीप में मौसी से मिलने जा रहे थे। सिद्धू की हत्या के बाद उनकी लास्ट राइड थार को तकरीबन 6 महीने पुलिस ने थाने में खड़े रखा (पूरी खबर पढ़ें)
मूसेवालेया तैनू अखियां उड़ीक दियां…:US में राहत फतेह अली ने गाई कव्वाली; बरसी पर पाकिस्तान में सिद्धू को श्रद्धांजलि

मूसेवालेया तैनू अखियां उड़ीक दियां…. यह कव्वाली पाकिस्तानी सिंगर राहत फतेह अली खान ने सिद्धू मूसेवाला को उनकी बरसी पर समर्पित की है। यह कव्वाली पाकिस्तानी सिंगर राहत फतेह अली खान ने अमेरिका में अपने टूर के दौरान पेश की। आज मूसेवाला की बरसी है और पूरे विश्व के साथ-साथ पाकिस्तान के कलाकार व लोग भी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं (पूरी खबर पढ़ें)