शिमला22 दिन पहले
- कॉपी लिंक

हिमाचल प्रदेश के अधिक ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी और अन्य इलाकों में भारी बारिश हुई है। शिमला के चांशल और कुल्लू के रोहतांग में दो सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। इससे तापमान में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई।
बीते 24 घंटे के दौरान कई शहरों के अधिकतम तापमान में 20 डिग्री सेल्सियस तक और न्यूनतम तापमान में 15 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ों पर गर्मी के मौसम में इतनी गिरावट पहले कभी नहीं देखी गई।
चंबा में सबसे ज्यादा तापमान में गिरावट
चंबा के अधिकतम तापमान में नॉर्मल की तुलना में सबसे ज्यादा 19.8 डिग्री की कमी आई और यह गिरकर 18.2 डिग्री रह गया। इसी तरह केलोंग का न्यूनतम पारा नॉर्मल से 15.1 डिग्री की कमी के साथ 4.5 डिग्री तक लुढ़क गया। प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी औसत 4.4 डिग्री की गिरावट आई है।

उधर, कांगड़ा का अधिकतम तापमान नॉर्मल की तुलना में 17.1 डिग्री की कमी के बाद 19.4 डिग्री, ऊना का 15 डिग्री की कमी के बाद 24 डिग्री, शिमला का 10.1 डिग्री की गिरावट के बाद 15.6 डिग्री, केलोंग का 13.5 डिग्री लुढ़कने के बाद 8.1 डिग्री, सोलन का 12.7 डिग्री की गिरावट के बाद 19.5, बिलासपुर का 14.7 डिग्री की कमी के बाद 22 डिग्री, मंडी का अधिकतम तापमान नॉर्मल से 14 डिग्री नीचे लुढ़कने के बाद 21 डिग्री रह गया।
इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के आधा दर्जन शहरों का न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री से नीचे लुढ़क गया है। अधिक ऊंचे इलाकों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जलाने लगे हैं।
मई महीने में 116 मिलीमीटर बारिश
प्रदेश में मई महीने की बारिश पिछले सारे रिकॉर्ड पहले ही तोड़ चुकी है। इस बार मई में सामान्य से 84 फीसदी अधिक बारिश हुई। वर्ष 2004 के बाद तीसरी बार मई में सामान्य से अधिक बारिश हुई। प्रदेशभर में 116 मिलीमीटर बारिश हुई। इस अवधि में 63.3 मिलीमीटर नॉर्मल बारिश होती है।
अभी और सताएगा मौसम
प्रदेश में मौसम अभी और सताएगा। मौसम विभाग ने 4 जून तक प्रदेश में बारिश और अंधड़ का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। कई भागों में अंधड़ चलने का यलो अलर्ट जारी हुआ है।