
करनाल में कार्यकर्ताओं से बात करते केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी।
केंद्रीय परिवहन मंत्री मंगलवार को करनाल पहुंचे। यहां उन्होंने 6 जिलों के कार्यकर्ताओं से बात की। यहां गडकरी ने कहा कि भाजपा पिता-पुत्र या परिवार की पार्टी नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं की है। 1952 में जनसंघ की स्थापना हुई। विरोधियों ने हमारी बहुत आलोचना की।
कार्यकर्ताओं के परिश्रम के कारण हम यहां हैं। कार्यकर्ता काम करते रहे, वह निराश नहीं हुए। एक दिन ऐसा आया कि अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री बने।
मुख्यमंत्री पूर्व मुख्यमंत्री हो सकता है, MP पूर्व MP हो सकता है, लेकिन कार्यकर्ता कभी पूर्व नहीं होता। हमारे मनोहर लाल जैसे कार्यकर्ता सीएम बने। मेरे जैसा कार्यकर्ता मंत्री बना।
इंजीनियर बनना चाहता था, नाम के आगे डॉक्टर नहीं लगाता
गडकरी ने अपना जिक्र करते हुए मैं इंजीनियर बनना चाहता था, लेकिन इमरजेंसी के खिलाफ काम किया, इस वजह से जरूरी नंबर नहीं ला सका। इंजीनियर बनने का सपना टूट गया लेकिन आज अपने काम को लेकर अच्छा लगता है। मुझे डॉक्टरेट की 6 डिग्री(डी. लिट) मिली हैं लेकिन मैं अपने नाम के साथ डॉक्टर नहीं जोड़ता। मुझे लगता है कि मैं इतना विद्वान नहीं कि अपने नाम के साथ डॉक्टर लगाऊं।

कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान CM मनोहर लाल और अन्य भाजपा नेताओं के साथ नितिन गडकरी।
जनता पार्टी के प्रयोग से नहीं चल पाई पार्टी
गडकरी ने आगे कहा कि जनता पार्टी का प्रयोग हुआ, लेकिन पार्टी चल नहीं पाई। जनता पार्टी का अनुभव हमारे लिए अच्छा नहीं रहा। फिर 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई। मैं इस पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक था। हमारे कार्यकर्ताओं ने मेहनत की, परिश्रम किया,इस वजह से आज हमारी पार्टी इस मुकाम पर है। हमने देश में प्रतिकूल परिस्थितियों में काम करते हुए आज पार्टी को प्रचंड बहुमत मिला।
कांग्रेस जो 60 साल में न कर सकी, हमने 9 साल में किया
गडकरी ने कहा कि हमारी सरकार को 9 साल पूरे हो गए। हम कहते थे, जहां हुए बलिदान मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है, हमने धारा 370 हटा दी। हमारे देश में राम मंदिर बनना चाहिए, इस पर बड़ा संघर्ष हुआ, आज यह सपना भी पूरा हुआ।
हम इसी पर कायम नहीं है, भारतीय जनता पार्टी का मकसद राज बदलना नहीं व्यवस्था बदलना है, हम राष्ट्र को समर्पित है। पहले राष्ट्र और फिर पार्टी है। राष्ट्रवाद की भावना को लेकर हमने मोदी जी के नेतृत्व में काम करते हुए देश की तस्वीर बदलने में कामयाब हुए हैं।
60 साल तक देश पर शासन करने का मौका कांग्रेस को मिला, आज मैं आपको विश्वास के साथ कह सकता हूं,जो कांग्रेस इतने सालों में नहीं कर पाई, वह भाजपा ने 9 साल में कर दिखाया। नेशनल हाईवे पहले कितने थे, अब कितने है, एक्सप्रेस वे कितने थे, अब कितने हैं, अंतर साफ है। पचास लाख करोड़ रुपए का काम करने का मौका मुझे मिला।