- Hindi News
- National
- Monsoon Rainfall Update; Rajasthan Mumbai Heavy Rainfall Alert | Delhi MP Gujarat Weather Forecast
LIVEमानसून ने 6 दिन पहले पूरे देश को कवर किया:राजस्थान के झालावाड़ में हुई 7 इंच बारिश; UP में 4 लोगों ने जान गंवाई
नई दिल्लीएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक

राजस्थान के बारां में बहने वाली सिरसा नदी भी उफान पर चल रही है। यहां तेज बहाव में एक गाय बह गई।
मानसून रविवार को देशभर में पहुंच गया। ये आमतौर पर 8 जुलाई तक पूरे देश को कवर करता है, लेकिन इस बार 6 दिन पहले ही देश के सभी हिस्सों में पहुंच गया। IMD के मुताबिक, इस दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से 45% ज्यादा, तो दक्षिण भारत में 46% कम बारिश हुई।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में बिहार और झारखंड समेत 20 राज्यों में तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।
राज्यों की बात करें तो बीते 24 घंटों में राजस्थान के झालावाड़ जिले में 7 इंच (180 मिमी) बारिश हुई है। इससे कई छोटी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं, फर्रुखाबाद जिले में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 2 सगे भाइयों की जान चली गई।
इससे पहले, भारी बारिश के चलते गुजरात के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। पुलिस के मुताबिक, जामनगर में बीते 3 दिनों में 11 लोगों की बारिश से जुड़ी घटनाओं में मौत हो गई।
मानसून ट्रैकर से समझिए देश में मौसम का हाल…


अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…
इन राज्यों में तेज बारिश होगी: उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, गोवा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, केरल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा।
इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: तेज बारिश वाले सभी राज्यों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी होगी। इनके अलावा गुजरात और दिल्ली में बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में मौसम साफ रहेगा: उत्तरी कर्नाटक, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर और लद्दाख।
मौसम से जुड़े अन्य अपडेट्स…
- IMD के मुताबिक, जून महीने में 16 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में सामान्य से कम बारिश हुई। बिहार में 69% और केरल में 60% कम बारिश हुई।
- गुजरात के वलसाड, नवसारी, जूनागढ़, अमरेली, छोटा उदेपुर, अहमदाबाद और सुरेंद्रपुर जिले में 100 मिमी से 234 मिमी तक बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश वलसाड जिले के धर्मपुर में हुई।
अलग-अलग राज्यों से मानसून की तस्वीरें…

उत्तराखंड के लंबागढ़ में खाचड़ा नाले में पानी बढ़ने के चलते बद्रीनाथ हाईवे (NH 7) बंद किया गया।

कानपुर में बारिश के बाद परमट इलाके में मकान गिर गया। हादसे में दो लोग घायल हो गए।

उत्तरप्रदेश के श्रावस्ती में राप्ती नदी में अचानक पानी बढ़ने से एक बांध टूट गया। इससे 10-12 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

गुजरात के जूनागढ़ में भारी बारिश के चलते ओजत डैम ओवरफ्लो हो गया, जिसके चलते डैम के 10 गेट खोलने पड़े।

इंडियन एयरफोर्स ने रविवार को श्रीनगर के थाजीवस ग्लेशियर से दो पर्वतारोहियों को रेस्क्यू किया। दोनों पर्वतारोही गंभीर रूप से बीमार हो चुके थे।

गुजरात के जूनागढ़ का ओसा घेड़ गांव भारी बारिश के चलते टापू बन गया।

जूनागढ़ में ओजत नदी का तटबंध टूटने से ओसा घेड़ गांव में लोगों को ट्रैक्टर और JCB से बाहर निकाला जा रहा है।
अब देश के बाकी राज्यों में मौसम का हाल…
उत्तर प्रदेश: लखनऊ में बारिश, 30 जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में मौसम का हाल।
यूपी में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। सोमवार को लखनऊ में सुबह से रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 30 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें गोरखपुर, कुशीनगर समेत पूर्वी यूपी के 8 जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। पढ़ें पूरी खबर…
राजस्थान: कई जिलों में तेज बारिश, नदियों का जलस्तर बढ़ा

सीकर में सोमवार सुबह तेज बारिश हुई, इससे बाजार की सड़कों पर पानी भर गया।
राजस्थान के पूर्वी जिले झालावाड़ और बारां में रविवार को तेज बारिश हुई। इससे आहू, कालीसिंध समेत कई छोटी-बड़ी बरसाती नदियों का जलस्तर बढ़ गया। मौसम विभाग ने आज राजस्थान में बारिश का दौर धीमा पड़ने की उम्मीद जताई है। इसके साथ ही अगले दो दिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने और हल्के बादल छाने की संभावना है, जिससे गर्मी और उमस बढ़ेगी। पूरी खबर पढ़ें…
मध्य प्रदेश: मानसून लेट आया, फिर भी 13% ज्यादा बरसा

मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री भले ही लेट हुई हो, लेकिन यह 13% ज्यादा बरस चुका है। अब उम्मीद जुलाई से है। इस महीने पूरे मानसून की एक तिहाई बारिश का ट्रेंड है। जैसे- भोपाल में 39 इंच सामान्य बारिश है तो 14 इंच बारिश जुलाई में होती है। बड़े शहरों में जबलपुर ही ऐसा है, जहां सबसे ज्यादा 17 इंच से ज्यादा बारिश होती है। पढ़ें पूरी खबर…
हिमाचल प्रदेश: अच्छी शुरुआत के बाद बीते 5 दिन से कमजोर पड़ा मानसून

हिमाचल में मानसून धीमा पड़ गया है। प्रदेश के अधिकांश भागों में बीते पांच दिन से बारिश की बूंद भी नहीं गिरी। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान केवल बरठी में मात्र 1.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि मानसून की एंट्री के बाद 24 से 27 जून के बीच नॉर्मल से 135 प्रतिशत अधिक बरसात हुई थी। पूरी खबर पढ़ें…
हरियाणा: आज व कल ज्यादा बारिश नहीं, धान की रोपाई प्रभावित

मानसून ने पूरे हरियाणा को कवर कर लिया है। अब दो दिन 3 व 4 जुलाई को प्रदेश में ज्यादा बारिश नहीं होगी। वहीं 5 जुलाई से बारिश बढ़ जाएगी। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-NCR समेत उत्तर पश्चिम भारत में मानसून कमजोर है। इसका असर सीधा किसानों पर पड़ने लगा है। कई जिलों में धान की रोपाई प्रभावित हुई है। पूरी खबर पढ़ें…
बिहार: खगड़िया में झोपड़ी पर गिरी बिजली..17 मवेशियों की मौत

बिहार में पिछले 3 दिनों से कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 6 जुलाई तक बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। खगड़िया में झोपड़ी पर बिजली गिरने से 17 मवेशियों की मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…
छत्तीसगढ़: फिर बरसेंगे बादल, सभी जिलों में होगी अच्छी बारिश

प्रदेश में आज से फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक आज से कई जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है जबकि मंगलवार से अच्छी बरसात के आसार हैं। मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश नहीं होने की वजह से उमस बढ़ गई है। अब गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पूरी खबर पढ़ें…