- Hindi News
- Local
- Haryana
- Haryana BJP JJP Party Alliance Crisis Controversy|Police Lathicharge Protesting Farmers In Kurukshetra MLA Ramkaran Kala Resign Sugarfed Chairman Cabinet Minister Banwari Lal
चंडीगढ़15 दिन पहले
- कॉपी लिंक

हरियाणा में किसानों पर किए गए लाठीचार्ज को लेकर सत्तारूढ़ BJP-JJP गठबंधन में फूट पड़ती नजर आ रही है। कुरुक्षेत्र में सूरजमुखी की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद की मांग कर रहे किसानों पर जिस तरह लाठियां बरसाई गईं, उससे सरकार में शामिल जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता नाराज हैं। JJP के शाहाबाद के विधायक रामकरण काला का गुस्सा तो BJP के मंत्री बनवारी लाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही फूट पड़ा। उन्होंने लाठीचार्ज के फैसले को गलत बताते हुए शुगरफेड के चेयरमैन पद से इस्तीफे का ऐलान तक कर डाला।
दरअसल सहकारिता मंत्री डॉक्टर बनवारी लाल किसानों पर किए गए लाठीचार्ज को लेकर चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित मिनी सचिवालय में मीडिया के सामने सफाई दे रहे थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ JJP विधायक रामकरण काला भी थे। गौरतलब है कि मंगलवार को कुरुक्षेत्र जिले में किसानों पर जिस जगह लाठीचार्ज किया गया, वह इलाका रामकरण काला के विधानसभा हलके में ही आता है।
हरियाणा की मनोहर सरकार ने रामकरण को वर्ष 2022 में शुगरफेड का चेयरमैन बनाया था।
हरियाणा में JJP और BJP के बीच डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की विधानसभा सीट उचाना को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है। ऐसे में लाठीचार्ज के बहाने JJP को BJP पर हमला बोलने का नया हथियार मिल गया है।

इसलिए फूटा JJP विधायक का गुस्सा
रामकरण काला ने मंत्री के सामने ही पत्रकारों से कहा कि सूरजमुखी की खरीद का MSP 6400 रुपए प्रति क्विंटल तय है। इसके बावजूद किसानों से 4800 रुपए प्रति क्विंटल पर सूरजमुखी की फसल खरीदी जा रही है। सरकार की भावांतर स्कीम में किसानों को प्रति क्विंटल एक हजार रुपए बोनस दिया जा रहा है। इसके बावजूद किसानों को प्रति क्विंटल 600 रुपए का नुकसान हो रहा है। किसान इसी का विरोध कर रहे हैं।
मेरे इलाके में सरकार ने गलत किया
रामकरण काला ने कहा कि उनके विधानसभा एरिया में सरकार ने किसानों के साथ जो किया, वो गलत है। प्रदर्शन करने वाले किसानों में 36 बिरादरी के लोग हैं और वह सभी पार्टियों से जुड़े हुए हैं।
काला ने यहां तक आरोप लगाया कि सरकार की ओर से कुरुक्षेत्र में किसानों पर लाठीचार्ज जैसा कदम जानबूझकर उठाया गया। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में किसानों पर लाठीचार्ज बिल्कुल गलत है। उनकी इस मामले में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला से बात हुई है जिन्होंने शीघ्र ही इस मामले का हल निकालने को कहा है।
CM के राजनीतिक सलाहकार पर निशाना
JJP विधायक ने लाठीचार्ज की निंदा करते हुए इशारों ही इशारों में हरियाणा CM मनोहर लाल के राजनीतिक सलाहकार कृष्ण बेदी पर निशाना साधा। कृष्ण बेदी का नाम लिए बगैर रामकरण काला ने कहा कि लाठीचार्ज का फैसला CM के सलाहकार के इशारे पर लिया गया। ध्यान रहे कि 2019 के चुनाव में रामकरण काला कृष्ण बेदी को हराकर ही विधायक बने थे।

काला बोले- CM से करूंगा मुलाकात
रामकरण काला ने कहा कि हाईवे जाम करने के मामले में गिरफ्तार किए गए गुरनाम सिंह चढ़ूनी किसान नेता हैं और उन्हें समझाना सरकार की जिम्मेदारी बनती है। सूरजमुखी की फसल की कम रेट पर खरीद से किसान और सरकार, दोनों को नुकसान हो रहा है। किसान इस नुकसान को सहन नहीं कर सकते। सूरजमुखी की MSP पर खरीद के लिए वह तीन बार मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिल चुके हैं और अब एक बार फिर CM से मिलेंगे।
BJP को हराकर दर्ज की थी ऐतिहासिक जीत
गौरतलब है कि रामकरण काला ने वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में कुरुक्षेत्र जिले की शाहाबाद सीट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उन्होंने शाहाबाद में जीत के अंतर से जुड़े सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। 2019 के चुनाव में कुल 1,25,084 वोटों में से रामकरण काला को 69,233 वोट मिले। उनके सामने चुनाव लड़ने वाले BJP कैंडिडेट कृष्ण बेदी को 32,106 और कांग्रेस प्रत्याशी अनिल धंतौड़ी को 18,844 वोट मिले थे। उस चुनाव में शाहाबाद विधानसभा हलके के सभी बूथों पर रामकरण काला पहले स्थान पर रहे थे।
ये खबर भी पढ़ें:-
हरियाणा में किसानों को समर्थन देने पहुंचे टिकैत: रोहतक में पुलिस-किसानों की झड़प; करनाल में हिरासत में लिए; पंजाब में टोल फ्री कराए

हरियाणा में सूरजमुखी की खरीद MSP पर करने के लिए बवाल मच गया है। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में किसान नेता राकेश टिकैत पहुंच गए हैं। इससे पहले मंगलवार को किसानों पर हुए लाठीचार्ज-गिरफ्तारी के विरोध में रोहतक में पुलिस-किसानों में झड़प हुई। वहीं करनाल में हाईवे जाम करने जा रहे किसानों को पुलिस ने हिरासत में लिया (पूरी खबर पढ़ें)