- Hindi News
- National
- Monsoon Rainfall Videos Update; Mumbai Rain Situation | Delhi Jammu Kashmir UP MP Rajasthan Weather Forecast
नई दिल्ली21 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उत्तराखंड के चमोली में लैंडस्लाइड की वजह से बद्रीनाथ नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गया है।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, देश भर में मानसून सामान्य से धीमी रफ्तार से चल रहा है। अभी देश में 16% कम बारिश हुई है।
उत्तर-पश्चिमी राज्यों में सामान्य से 42% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। देश के पूर्वी, मध्य, उत्तर-पश्चिम व पश्चिमी राज्यों में 3 दिन मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है।
अगले 24 घंटे में मध्यप्रदेश-राजस्थान समेत 23 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के शिमला में बाढ़ जैसे हालात हैं। यहां 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट है।
उत्तराखंड के चमोली जिले में भारी बारिश की वजह से छिनका के पास लैंडस्लाइड होने से बद्रीनाथ की तरफ जाने वाला हाईवे ब्लॉक हो गया है। यहां टूरिस्ट फंसे हुए हैं।
गुजरात के पंचमहल में भारी बारिश से एक फैक्ट्री की दीवार गिर गई। इस हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। पूरी खबर पढ़ें…
असम में बाढ़ के हालात में कुछ सुधार है। स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के मुताबिक राज्य के 6 जिलों में 83 हजार लोग अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है।
महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे और सतारा में बीते 24 घंटे में जोरदार बारिश से रेलवे ट्रैक, बाजारों और सड़कों पर 3 फीट तक पानी भर गया। ठाणे में पेड़ जड़ से उखड़ गए।
मानसून ट्रैकर से समझिए देश में मौसम का हाल…


अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…
इन राज्यों में तेज बारिश होगी: हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम-पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी-पूर्वी उत्तरप्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी पश्चिम मध्यप्रदेश, सौराष्ठ और कच्छ, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र , तटीय कर्नाटक, केरल, अंडमान-निकोबार।
इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: तेज बारिश वाले सभी राज्यों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी होगी। इनके अलावा तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, तेलंगाना, साउथ कर्नाटक में गरज, बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश होगी।
इन राज्यों में मौसम साफ रहेगा: ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा, आंध्रप्रदेश, उत्तरी कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर और पंजाब।
अलग-अलग राज्यों से मानसून की तस्वीरें…

देहरादून के बाहरी इलाके में इंद्रधनुष दिखाई दिया।

दिल्ली के 10 जनपथ समेत कई इलाकों में गुरुवार सुबह बारिश हुई।

नोएडा में बारिश के चलते कई सड़कों पर पानी भर गया।

चंडीगढ़ में गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, आज मोहाली और पंचकूला में भी बारिश होने की संभावना है।

मुंबई के बोरीवली में सड़कों पर पानी भर गया।

ठाणे में बारिश के चलते एक बड़ा पेड़ जड़ से उखड़कर कार पर गिर गया।

ठाणे में ही राम मारुति रोड पर एक और पेड़ गिरने से रोड ब्लॉक हो गई।

गुजरात के नवसारी में तेज बारिश की वजह से एक कच्चा घर गिर गया।

मध्यप्रदेश के सिवनी में 5 लोग नदी के बीच फंस गए। इन्हें हेलिकॉप्टर से निकाला गया।

बिहार के वैशाली में तेज आंधी के कारण 35 फीट लंबा पीपा पुल गंगा में बह गया।
राज्यों का हाल जान लीजिए…
उत्तर प्रदेश: लखनऊ-गाजियाबाद में बारिश, 3 दिन पूरे UP में अलर्ट

बुधवार की तेज बारिश के बाद नोएडा के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया।
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। जून में पहली बार मौसम विभाग ने अगले 3 दिन के लिए पूरे प्रदेश में बरसात का अलर्ट जारी किया है। बुधवार शाम से गुरुवार सुबह तक यूपी में रुक-रुककर बारिश जारी है। लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा में सुबह अच्छी बारिश हुई। उधर, कानपुर में गंगा बैराज के 8 गेट बुधवार देर शाम खोल दिए गए। पूरी खबर यहां पढ़ें…
हरियाणा: IMD का आज 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, 29 जून से 1 जुलाई के दौरान उत्तरी जिलों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।
हरियाणा के कई जिलों में मौसम खराब है। बुधवार को सोनीपत, पानीपत, फरीदाबाद व आसपास के जिलों में गरज चमक के साथ हलकी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
मध्यप्रदेश: जबलपुर-इटारसी रेलवे ट्रैक पर पानी भरा, आधा दर्जन ट्रेनों का रूट बदलना पड़ा

जबलपुर-पनागर रोड पर डायवर्जन रोड का एक हिस्सा बह गया। फोरव्हीलर्स के लिए यह रोड बंद कर दी गई है।
मध्यप्रदेश में मानसून के पहले सप्ताह में तेज बारिश के कारण नरसिंहपुर, उमरिया, सिवनी समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। भोपाल में आज तेज बारिश के आसार हैं। तेज बारिश के कारण जबलपुर-इटारसी रेलवे ट्रैक पर करेली-नरसिंहपुर स्टेशन के बीच बालू रेवा ब्रिज पर पानी आ जाने के कारण करीब सात ट्रेनों के रूट डायवर्ट कर दिए गए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
बिहार: पटना समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, अगले तीन दिन बारिश की संभावना

नेपाल से आए पानी की वजह से बागमती नदी में कटाव तेज हो गया है।
बिहार के सभी जिलों में मानसून अब एक्टिव हो गया है। पटना, बांका, बेतिया, सीवान समेत कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज सभी 38 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। तीन दिन तक भारी बारिश की उम्मीद है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
हिमाचल प्रदेश: कमजोर पड़ेगा मानसून, आज व कल भारी बारिश का अलर्ट
प्रदेश में एक और तीन जुलाई के बीच मानसून कमजोर पड़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि आज और कल भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मगर, शनिवार से सोमवार को ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा। पूरी खबर यहां पढ़ें…