सोनीपत में कुंडली बॉर्डर पर भारी जाम:पहलवान प्रकरण में पुलिस अलर्ट; वाहनों की जांच के बाद ही दिल्ली में एंट्री
सोनीपत2 महीने पहले
- कॉपी लिंक

पहलवानों के समर्थन में हरियाणा से भारी संख्या में खाप पंचायतों से जुड़े लोगों-किसानों के दिल्ली जाने की आशंका के चलते दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। सोनीपत के कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर एक एक वाहन को चैकिंग के बाद ही दिल्ली में एंट्री दी जा रही है। इसके चलते बॉर्डर पर कई किलोमीटर लंबा जाम लगा है। सैकड़ों वाहन घंटों से जाम में फंसे हैं। इस बीच एंबुलेंस भी रेंग रेंग कर चलती दिखी।

दिल्ली में एंट्री से पहले हर वाहन की जांच।
कांग्रेसी भी निकले दिल्ली के लिए
दूसरी तरफ आम लोगों के अलाव राजनीति दलों के नेता भी पहलवानों को समर्थन देने के लिए दिल्ली कूच कर रहे हैं। सोनीपत के विधायक सुरेंद्र पंवार, पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया, मेयर निखिल मदान, सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा, डिप्टी मेयर मनजीत व अपने समस्त पार्षदों के साथ दिल्ली जंतर- मंतर के लिए रवाना हुए हैं।

सोनीपत-दिल्ली बॉर्डर पर जाम में फंसे वाहन।
बजरंग की अपील पर हरकत
दिल्ली में जंतर मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों और दिल्ली पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद हरियाणा के लोगों में उबाल है। कई जगह टोल फ्री कर दिए गए हैं, वहीं बड़ी संख्या में किसान, लोग, राजनीतिक दल दिल्ली कूच कर गए हैं। इसको देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। बता दें कि रात की घटना के बाद बजरंग पूनिया ने लोगों से दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया है।

जाम में फंसी एंबुलेंस।
बॉर्डर पर नाकाबंदी
सोनीपत में दिल्ली के नजदीक सटे हुए रास्तों पर पुलिस नाके लगाए गए हैं। सिंघु बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस द्वारा चेकिंग नाका लगाया गया है। बाहरी दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। वाहनों को रोक रोक कर देखा जा रहा है कि वाहनों में कौन सवार हैं। इसके बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है। इसके चलते सोनीपत कुंडली बॉर्डर पर लंबा जाम लग गया है। बॉर्डर पर बैरिकेडिंग लगाकर हरियाणा पंजाब चंडीगढ़ से आने वाले वाहनों को चेकिंग करने के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है।

दिल्ली बॉर्डर पर कई किलोमीटर दूर तक जाम।
विधायक बोले- अन्याय कतई सहन नहीं
दूसरी तरफ दिल्ली के लिए निकले सोनीपत के कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार ने कहा कि खिलाड़ियों के साथ अन्याय कतई सहन नही किया जाएगा। देश व प्रदेश की जनता आज पहलवानों के साथ खड़ी है। जिस समय पहलवान मेडल लाते है, उस समय उन्हें सम्मानित करते है और आज खिलाड़ियों को न्याय के लिए धरना देने पड़ रहा है, यह बीजेपी सरकार की खिलाड़ियों को सम्मान देने की कैसी नीति है। उनके साथ कई और वरिष्ठ नेता हैं।

कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार, पदम दहिया आदि दिल्ली जाते हुए।