कनाडा में मोस्ट वांटेड हुआ गोल्डी बराड़:लॉरेंस का करीबी 25 टॉप क्रिमिनल्स की लिस्ट में; पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का कत्ल कराया

अमृतसर2 महीने पहले

  • कॉपी लिंक
गोल्डी बराड़ के खिलाफ जारी BOLO नोटिस। - Dainik Bhaskar

गोल्डी बराड़ के खिलाफ जारी BOLO नोटिस।

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला मर्डर के मास्टरमाइंड गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ अब भारत के बाद कनाडा में भी मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल हो गया है। कनाडा के भगोड़े टॉप 25 मोस्ट वांटेड अपराधियों में उसे शामिल किया गया है। कनाडा सरकार की तरफ से “बी ऑन द लुक आउट” (BOLO) सूची में रखा गया है। गोल्डी बराड़ कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस का करीबी है। जो लॉरेंस के तिहाड़ जेल में होने के बाद विदेश में बैठकर उसके गैंग को ऑपरेट कर रहा है।

कनाडा सरकार ने इस सूची में गोल्डी बराड़ को 15वां स्थान दिया है। गोल्डी को रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के कहने पर इस लिस्ट में शामिल किया गया है। वहीं दूसरी तरफ कनाडा की पुलिस ने गोल्डी बराड़ पर यह एक्शन इंटरपोल के कहने पर लिया है।

इंटरपोल की वेबसाइट के अनुसार गोल्डी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी है, जिसे भारत सरकार के कहने पर जारी किया गया था। गोल्डी बराड़ पहले ही भारत सरकार द्वारा वांटेड है। इसमें गोल्डी पर हत्या, आपराधिक साजिश और अवैध हथियारों की सप्लाई, हत्या का प्रयास, आपराधिक साजिश में अवैध हथियार उपलब्ध करवाने जैसे संगीन अपराध जोड़े गए हैं। सभी पर साढ़े 7 डॉलर का इनाम घोषित किया गया है।

पहले कनाडा सरकार द्वारा जारी 25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट देखिए…

कनाडा से भाग चुका गोल्डी बराड़
गोल्डी बराड़ के इस वक्त अमेरिका में छिपे होने के इनपुट हैं। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक मूसेवाला के कत्ल के वक्त गोल्डी बराड़ कनाडा में रह रहा था। सिंगर के कत्ल के बाद गोल्डी भारतीय खुफिया एजेंसियों और मूसेवाला के फैंस के निशाने पर आ गया। उसे डर लगा कि कहीं कोई उसके ठिकाने का पता न बता दें। इस वजह से वह कुछ समय पहले कनाडा से अमेरिका के कैलिफोर्निया की फ्रेसनो (FRESNO) सिटी भाग निकला था। वहां जाकर उसने 2 वकीलों की मदद से राजनीतिक शरण लेने की भी कोशिश की।

पहले यह भी सामने आया था कि गोल्डी बराड़ को अमेरिका के कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया गया है। गोल्डी को 20 नवंबर या इससे पहले डिटेन करने की सूचना थी। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने भारतीय एजेंसियों से बात की है। गोल्डी बराड़ के खिलाफ पहले ही 2 पुराने मामलों में रेड कॉर्नर नोटिस जारी हो चुका है।

4 पॉइंट्स में गोल्डी बराड़ के गैंगस्टर बनने की पूरी कहानी पढ़ें…

1. यूथ लीडर गुरलाल की हत्या के बाद भागा कनाडा
गोल्डी बराड़ की अपराध की दुनिया में दस्तक उसके चचेरे भाई गुरलाल बराड़ के कत्ल के बाद शुरू हुई। गोल्डी का चचेरा भाई गुरलाल बराड़ लॉरेंस के काफी करीबी माना जाता था। पंजाब यूनिवर्सिटी में पढ़ते हुए उसने लॉरेंस की छत्रछाया में ही स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी नाम (SOPU) से संगठन तैयार किया था। अक्टूबर 2020 में उसका चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया में कत्ल कर दिया गया।

2. भाई के कातिल का किया था मर्डर
गोल्डी अपने भाई के कातिल को मारना चाहता था। उसके सिर पर खून सवार था। यही दौर था जब वह लॉरेंस के करीब आया। गुरलाल के कत्ल में यूथ कांग्रेस लीडर गुरलाल पहलवान का नाम सामने आया। जिसका गोल्डी बराड़ ने कत्ल करवा दिया। जिसके बाद पुलिस उसे ढूंढने लगी तो वह कत्ल के कुछ दिन बाद ही बराड़ कनाडा भाग गया।

3. पिता की हुई जबरन रिटायरमेंट
गोल्डी बराड़ के पिता शमशेर सिंह पंजाब पुलिस में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) थे। गुरलाल पहलवान कत्ल मामले में गोल्डी बराड़ का नाम आने के बाद पंजाब पुलिस ने उन्हें जबरन रिटायर कर दिया। पिता ने भी इसका विरोध नहीं किया।

4. लॉरेंस के साथ मिल किया पूर्व पार्षद का कत्ल
गोल्डी के कनाडा जाने से पहले ही लॉरेंस के साथ उसकी नजदीकियां बढ़ने लगी थीं। कनाडा में बैठ वह जेल में बंद लॉरेंस का गैंग चलाने लगा। 25 फरवरी 2022 को गुरुग्राम में एक पूर्व पार्षद परमजीत ठकरान और उनके भाई सुरजीत की हत्या कर दी गई। शराब कारोबार के चलते इन दोनों की दुश्मनी अजय जैलदार से थी। पुलिस को मिली इनपुट्स के मुताबिक, अजय जेलदार ने लॉरेंस और गोल्डी बराड़ से मिलकर इन हत्याओं को अंजाम दिया।

विदेश से 5 राज्यों में नेटवर्क ऑपरेट कर रहा
कनाडा में बैठकर गोल्डी बराड़ अब तक पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, NCR और राजस्थान में भी लॉरेंस के नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था। उसी ने लॉरेंस के जेल में होने के बाद गैंग को स्ट्रॉन्ग किया। जिसके बाद रंगदारी, मर्डर, हत्या प्रयास मामलों में गोल्डी का नाम सामने आने लगा। गोल्डी ने इसके साथ ही पंजाब में हथियारों की सप्लाई चेन बनानी शुरू कर दी। बीते दिनों अमृतसर और बठिंडा में कई गोल्डी के साथी पकड़े गए, जो हथियारों की तस्करी से जुटे थे।

गोल्डी बराड़ ने खुद कबूला मूसेवाला मर्डर
पिछले साल 29 मई को सिद्धू मूसेवाला का कत्ल कर दिया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर हत्या को कबूला। उसने कहा कि लॉरेंस के कॉलेज फ्रेंड विक्की मिड्‌डूखेड़ा के कत्ल में मूसेवाला का हाथ था। मूसेवाला के मैनेजर शरणदीप ने शूटर्स को पनाह दी और टारगेट के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने मूसेवाला के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की तो मजबूर होकर उन्हें मर्डर करना पड़ा। गोल्डी ने हरियाणा और पंजाब के 6 शूटर भेजकर मूसेवाला को मानसा के गांव जवाहरके में गोलियां मरवा दी थी। उस वक्त मूसेवाला बिना बुलेटप्रूफ थार में बिना सिक्योरिटी के जा रहे थे।

Previous articleतिहाड़ में गैंगस्टर टिल्लू की हत्या:गोगी गैंग ने 2 जगह ग्रिल काटी, चादर के सहारे पहली मंजिल से उतरे; हाई सिक्योरिटी वार्ड में मर्डर
Next articleकोरोना के एक्टिव केस लगातार 9वें दिन घटे:24 घंटे में 3,325 नए केस मिले, 17 मौतें; 28 दिन बाद डेली केस 4 हजार से कम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here