भास्कर अपडेट्स:झारखंड में PLFI के दो सहयोगी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए
  • Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates; Abhishek Banerjee Case | Delhi Pune Mumbai News

भास्कर अपडेट्स:पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में मंत्री बीरबाहा हंसदा के काफिले पर हमला

पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में राज्य मंत्री बीरबाहा हंसदा के काफिले पर कुर्मी जनजाति के समर्थकों ने हमला कर दिया। टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के काफिले के इलाके से गुजरने के बाद मंत्री के काफिले पर पथराव किया गया।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

इमरान के यूरिन सैम्पल में शराब और कोकीन मिली; 6 महीने प्लास्टर लगाकर घूमे, फ्रेक्चर तो दूर खरोंच तक नहीं निकली

पाकिस्तान सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट जारी कर दी है। खान को 9 मई को नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो यानी NAB ने 60 अरब रुपए के अल कादिर ट्रस्ट स्कैम में गिरफ्तार किया था। कस्टडी में लेने के बाद खान का मेडिकल टेस्ट कराया गया था। ये रिपोर्ट सामने आती, इसके पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने खान को 9 मई के पहले और इसके बाद दर्ज होने वाले तमाम केसों में जमानत दे दी थी।

अब इस रिपोर्ट के कुछ हिस्से हेल्थ मिनिस्टर अब्दुल कादिर पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पढ़कर सुनाए। इसके मुताबिक- खान के यूरिन सैम्पल में शराब और कोकीन मिली है। उनके पैर में फ्रैक्चर कभी नहीं था। वो फिजूल में 6 महीने तक लोगों को प्लास्टर चढ़ाकर वेबकूफ बनाते रहे। सबसे हैरानी की बात यह है कि खान को मेंटली अनफिट बताया गया था। यह पहली बार था जब खान ने अपने खुद के हॉस्पिटल की बजाए सरकारी डॉक्टरों से मेडिकल कराया था। वो सैम्पल देने में आनाकानी कर रहे थे।

लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से ब्रिटिश एयरवेज की कई फ्लाइट्स कैंसिल

ब्रिटेन के सबसे बिजी एयरपोर्ट हीथ्रो पर लगातार दूसरे दिन ब्रिटिश एयरवेज की कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। BBC के मुताबिक- शुक्रवार को 42 फ्लाइट्स कैंसिल की गईं। इनमें लंबी दूरी के साथ ही डोमेस्टिक फ्लाइट्स भी शामिल हैं। इसकी वजह IT प्रॉब्लम बताई गई है।

एयरलाइन ने एक बयान में कहा- हमें टेक्निकल प्रॉब्लम की वजह से यह कदम उठाना पड़ा है। इस फ्लाइट कैंसिलेशन से 16 हजार पैंसेजर्स को परेशान होना पड़ा है। करीब चार साल पहले भी इस तरह की दिक्कत पेश आई थी। रद्द की जाने वाली ज्यादातर फ्लाइट्स यूरोपीय देशों की हैं।

भूमध्य सागर में 500 शरणार्थियों से भरी नाव लापता, 24 घंटों से तलाश जारी

मेडिटेरेनियन सी यानी भूमध्य सागर में 500 शरणार्थियों से भरी एक नाव लापता हो गई है। इस नाव में एक नवजात और एक गर्भवती महिला भी मौजूद है। माइग्रेंट्स की नावों पर नजर रखने वाली संस्था अलार्म फोन ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी है। संस्था के मुताबिक शरणार्थियों से उनकी नाव का आखिरी बार संपर्क बुधवार सुबह हुआ था।

उस समय नाव लिबिया के बेंगाजी पोर्ट से 320 और इटली से 400 किलोमीटर की दूरी पर थी। उसका इंजन ठीक से काम नहीं कर पा रहा था। वहीं, इटली के इमरजेंसी एनजीओ ने बताया उनकी लाइफ सपोर्ट शिप ने शरणार्थियों की नाव को 24 घंटे से ढूंढ रही है। हालांकि, उसका कोई पता नहीं चल पाया है।

तेलंगाना CM से मिलेंगे केजरीवाल, केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ समर्थन मांगेंगे

अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वे कल तेलंगाना CM के चंद्रशेखर राव से मिलेंगे और केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ समर्थन मांगेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने 11 मई को आदेश दिया था कि दिल्ली में अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग के अधिकार दिल्ली सरकार के पास रहेंगे। इसके बाद, केंद्र सरकार ने एक अध्यादेश लाकर ये अधिकार उपराज्यपाल को दे दिए थे।

केजरीवाल इसके विरोध में विपक्षी दलों का समर्थन जुटाने के लिए देश भर के विपक्षी नेताओं से मिल रहे हैं। इसके लिए वे ममता बनर्जी, नीतीश कुमार, उद्धव ठाकरे और शरद पवार से मिल चुके हैं। केजरीवाल ने कहा है कि वे राहुल और खड़गे से भी मिलने का समय मांगेंगे।

टिल्लू ताजपुरिया मर्डर केस में तिहाड़ जेल के 80 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर

टिल्लू ताजपुरिया मर्डर केस में तिहाड़ जेल के 80 पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। तिहाड़ जेल के अधिकारियों के मुताबिक इनमें 5 उप अधीक्षक, 9 सहायक अधीक्षक, 8 हेड वार्डन और 50 वार्डन शामिल हैं। 2 मई को तिहाड़ जेल में गोगी गैंग के 4 सदस्यों ने टिल्लू की जेल के अंदर ही हत्या कर दी थी।

जेल से सामने आए CCTV फुटेज में दिखा था कि पुलिस वालों के सामने ही घायल टिल्लू की बॉडी पर फिर हमला किया गया था। इससे पहले 14 अप्रैल को भी तिहाड़ में गैंगस्टर प्रिंस तेवतिया की इसी पैटर्न पर हत्या कर दी गई थी।

दिल्ली से वैंकूवर जा रही एअर इंडिया फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

दिल्ली से वैंकूवर जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI185 की तकनीकी खराबी के चलते टेक ऑफ के तुरंत बाद इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर ही सुरक्षित लैंडिंग हुई। बताया जा रहा है कि विमान दोपहर 1:30 बजे टेक ऑफ करेगा।

सुप्रीम कोर्ट ने TMC नेता अभिषेक बनर्जी पर लगे 25 लाख के जुर्माने पर रोक लगाई, 10 जुलाई को अगली सुनवाई

शिक्षक भर्ती घोटाला केस में सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को TMC नेता अभिषेक बनर्जी को राहत दी है। उन्होंने कोलकाता हाई कोर्ट के 25 लाख के जुर्माने वाले फैसले पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख 10 जुलाई तय की है। दरअसल, यह घोटाला 2014 का है। तब पश्चिम बंगाल स्कूल सर्विस कमीशन (SSC) ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती निकाली। प्रक्रिया 2016 में शुरू हुई थी।

उस वक्त पार्थ चटर्जी शिक्षा मंत्री थे। इस मामले में गड़बड़ी की कई शिकायतें कोलकाता हाईकोर्ट में दाखिल हुई थीं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

700 फीट की ऊंचाई पर यात्री ने फ्लाइट का दरवाजा खोला, गिरफ्तार; साउथ कोरिया में लैंडिंग से 2 मिनट पहले हुई घटना

साउथ कोरिया में शुक्रवार को एशियाना एयरलाइंस की फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने विमान का दरवाजा खोल दिया। घटना लैंडिंग के दौरान हुई। उस समय विमान 700 फीट की ऊंचाई पर था। फिलहाल यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट को लैंड होने में 2 मिनट थे, तभी यात्री ने इमरजेंसी डोर खोल दिया। विमान में क्रू मेंबर्स समेत 200 लोग सवार थे। इस दौरान 12 यात्री घायल हो गए। पूरी खबर यहां पढ़ें…

प्रधानमंत्री की जान को खतरा बताने वाला व्यक्ति गिरफ्तार, गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर जानकारी दी थी

प्रधानमंत्री मोदी की जान को खतरा होने का दावा करने वाले 48 साल के व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्यक्ति ने गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर इसकी जानकारी दी थी। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति की पहचान हेमंत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जब उसने कॉल किया था तब वह नशे में था। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।

दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल ने खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात का समय मांगा, केंद्र के पारित अध्यादेश के खिलाफ समर्थन करने को कहा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र के पारित अध्यादेश के खिलाफ संसद में कांग्रेस का समर्थन मांगा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी नेता राहुल गांधी से मिलने के लिए समय मांगा। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 11 मई को आदेश दिया था कि दिल्ली में अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग के अधिकार दिल्ली सरकार के पास रहेंगे। इसके बाद, केंद्र सरकार ने एक अध्यादेश लाकर ये अधिकार उपराज्यपाल को दे दिए थे। केजरीवाल इसके विरोध में विपक्षी दलों का समर्थन जुटाने के लिए देश भर के विपक्षी नेताओं से मिल रहे हैं।

मुंबई से वियतनाम जाने वाली फ्लाइट 10 घंटे लेट, 8 घंटे फ्लाइट में ही बैठे रहे यात्री, खाना भी नहीं मिला

मुंबई से वियतनाम के हो ची मिन शहर जाने वाली VietJet एयरलाइंस की फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण करीब 10 घंटे लेट हो गई। फ्लाइट में 300 यात्री सवार थे। उन्हें खाने तक नहीं मिला। शेड्यूल के मुताबिक, VJ-884 फ्लाइट रात 11:30 बजे मुंबई से रवाना होनी थी। 5 बजे तक जब फ्लाइट ने टेक-ऑफ नहीं किया, न ही यात्रियों को वेटिंग एरिया में ले जाया गया।

सभी यात्री 8 घंटे फ्लाइट में बैठे रहे, उनके लिए खाने तक के इंतजाम नहीं किए गए। एक यात्री ने बताया कि सुबह 7 बजे उन्हें वेटिंग एरिया में ले जाया गया। पूरी खबर यहां पढ़ें…

बंगाल पुलिस का फिल्म द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल के डायरेक्टर को नोटिस, राज्य को बदनाम करने की कोशिश का आरोप

पश्चिम बंगाल पुलिस ने हिंदी फिल्म द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल के डायरेक्टर सनोज मिश्रा को नोटिस जारी किया है। उन पर आरोप लगाया है कि इस फिल्म से बंगाल को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

तमिलनाडु में DMK मंत्री सेंथिल बालाजी के ठिकानों पर IT की छापेमारी जारी

तमिलनाडु में आयकर विभाग (IT) ने शुक्रवार को राज्य के बिजली मंत्री वी सेंथिल बालाजी से जुड़ी लगभग 40 जगहों पर छापा मारा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मंत्री सेंथिल से संबंध रखने वाले सरकारी ठेकेदारों के घरों और ऑफिस पर छापा मारा गया है। फिलहाल चेन्नई, करूर और अन्य जगहों पर छापेमारी की जा रही है।

झारखंड में PLFI के दो सहयोगी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए

झारखंड में प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान ललित खेरवार और शिवनारायण सिंह के रूप में हुई है। खूंटी के एसपी अमन कुमार ने बताया कि उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
ऋषि सुनक के ऑफिशियल रेसिडेंस से कार टकराने वाला गिरफ्तार

गुरुवार शाम ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के ऑफिशियल रेसिडेंस से कार टकराने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। ब्रिटेन के प्राइम मिनिस्टर के ऑफिशियल रेसिडेंस को 10 डाउनिंग स्ट्रीट कहा जाता है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक- घटना गुरुवार शाम की है। स्कॉटलैंड यार्ड की टीम ने आरोपी को फौरन गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह महज गलती से हुआ हादसा है।

Previous articleदेश में पहली बार वॉरशिप पर MiG-29K की नाइट लैंडिंग:एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रांत पर उतारा गया फाइटर जेट…देखें VIDEO
Next articleवंदे मातरम् के समय खड़े नहीं हुए ओवैसी के पार्षद, मेरठ में जमकर हंगामा और मारपीट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here