- Hindi News
- National
- Breaking News LIVE Updates; Satya Pal Malik | Madhya Pradesh Balaghat Naxal Attack
भास्कर अपडेट्स:सऊदी अरब ने सूडान में फंसे विदेशी नागरिकों को सुरक्षित निकाला, इनमें कुछ भारतीय भी शामिल

सऊदी अरब ने सूडान में फंसे 66 लोगों को वहां से सुरक्षित निकाल लिया है। इनमें भारतीय भी शामिल हैं। सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीयों के साथ ही मित्र देशों के लोग, सूडान से सुरक्षित रूप से पहुंचे हैं। इनमें डिप्लोमेट्स और इंटरनेशनल ऑफिसर्स भी शामिल हैं। इनके साथ ही सऊदी अरब के 91 नागरिक भी स्वदेश पहुंचे हैं। निकाले गए भारतीयों की संख्या नहीं बताई गई है। सूडान में इन दिनों विरोधी गुटों के बीच लड़ाई चल रही है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
AAP सांसद संजय सिंह ने ED को कानूनी नोटिस भेजा, माफी मांगने या केस का सामना करने को कहा

AAP सांसद संजय सिंह ने ED को कानूनी नोटिस भेजा है। इसमें दिल्ली आबकारी नीति केस में उनके बारे में कथित रूप से झूठे, अपमानजनक दावे करने के लिए माफी मांगने को कहा है। ऐसा नहीं करने पर सिविल और क्रिमिनल केस का सामना करने के लिए कहा है।
देश की पहली नेवल बेस्ड एंडो-एटमास्फियरिक इंटरसेप्टर मिसाइल का फ्लाइट ट्रायल सफल

DRDO और भारतीय नौसेना ने 21 अप्रैल को बंगाल की खाड़ी में नेवल बेस्ड एंडो-एटमास्फियरिक इंटरसेप्टर मिसाइल का पहला फ्लाइट ट्रायल सफलतापूर्वक किया। ओडिशा के तट से किए गए इस टेस्ट का उद्देश्य दुश्मन की बैलिस्टिक मिसाइल के खतरे को बेअसर करना था। इसके साथ ही भारत उन देशों के विशिष्ट क्लब में शामिल हो गया जिनके पास नेवल बेस्ड मिसाइल क्षमता है। इसके पहले जमीन से इस मिलाइल की सफल टेस्टिंग की गई थी।
AAP ने प्रियंका कक्कड़ को राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया

AAP ने प्रियंका कक्कड़ को राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया है। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं की बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया। जनरल सेक्रेट्री दीप पाठक ने कक्कड़ को नियुक्ति प्रमाण पत्र सौंपा। कक्कड़ 2013 से आप से जुड़ी हुई हैं।
अमेरिका इस साल 10 लाख भारतीयों को वीजा दे सकता है

अमेरिका इस साल 10 लाख भारतीयों को वीजा दे सकता है। यूएस असिस्टेंट सेक्रेटरी ऑफ स्टेट फॉर साउथ एंड सेंट्रल एशिया डोनाल्ड लू ने बताया कि बाइडेन सरकार जल्द ही वीजा जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर देगी। लू ने कहा इस हफ्ते से वर्क वीजा जैसे H-1बी और L वीजा को प्राथमिकता देना शुरू कर देंगे। बता दें कि भारत के IT प्रोफेशनल्स में अमेरिका के H-1बी वीजा की बहुत डिमांड है।
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, आग लगने से वाहन जले

तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के सत्तूर के पास शनिवार को एक पटाखा बनाने के कारखाने में धमाका हुआ। इसके बाद यहां आग लग गई। फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंच गई है। कुछ वाहनों के जलने की सूचना है।
पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर के कलियागंज में हिंसा, पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे

पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर के कलियागंज में शनिवार को फिर हिंसा भड़क गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय नागरिकों ने एक दिन पहले एक किशोरी के रेप और मर्डर का विरोध शुरू कर दिया था। अनियंत्रित भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस और लाठियों का इस्तेमाल किया। बांग्लादेश की सीमा के पास के इलाके में भीड़ पुलिस से भिड़ गई थी।
एशियाई देश तिमोर-लेस्ते में भूकंप का झटका, तीव्रता 6.2 आंकी गई

एशियाई देश तिमोर-लेस्ते में शनिवार को दोपहर 13:53 बजे (स्थानीय समयानुसार) 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने कहा कि भूकंप दिली के उत्तरी भाग में 51 किलोमीटर की गहराई में आया। किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
अफगानिस्तान के 2 प्रांतों में ईद नहीं मना पाएंगी महिलाएं, तालिबान ने पाबंदी लगाई

अफगानिस्तान में तालिबान राज में महिलाओं पर पाबंदियां बढ़ती जा रही हैं। खामा प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान ने अब महिलाओं के ईद मनाने पर पाबंदी लगा दी है। तखार और बगलान प्रांत प्रांतों में महिलाओं के ईद पर बाजारों में जाने से रोका गया है। फिलहाल ये पाबंदी इन दोनों प्रांतों तक ही सीमित है। इससे पहले तालिबान के हेरात प्रांत में महिलाओं के पार्कों और बाहरी इलाकों में खाना खाने पर रोक लगा दी गई थी।
दिल्ली भाजपा किसान मोर्चा के नेता की हत्या के मामले में छह गिरफ्तार, भगोड़े गैंगस्टर कपिल सांगवान से शूटर का संबंध

दिल्ली भाजपा किसान मोर्चा के नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। डिप्टी कमिश्नर एम हर्षवर्धन ने कहा कि इनमें से एक की पहचान हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले योगेश (30) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक हथियार बरामद किया गया है। पांच अन्य पर आपराधिक साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। शूटर का संबंध भगोड़े गैंगस्टर कपिल सांगवान से था। बता दें कि मटियाला की 14 अप्रैल को द्वारका के बिंदापुर इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय वह अपने ऑफिस में बैठे थे।
असम युवा कांग्रेस अध्यक्ष 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित, यूथ कांग्रेस प्रेसिडेंट और सेक्रेट्री पर लगाया था हरासमेंट का आरोप

कांग्रेस ने शनिवार को असम युवा विंग की अध्यक्ष अंगकिता दत्ता को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। बता दें कि अंगकिता दत्ता ने हाल ही में भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी और उनके IYC सचिव वर्धन यादव पर पिछले 6 महीनों से उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था।
बालाघाट में पुलिस की मुठभेड़ में 2 महिला नक्सली ढेर, दोनों पर 14-14 लाख रुपए का इनाम था

मध्यप्रदेश के नक्सल प्रभावित बालाघाट क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात 3 बजे पुलिस-नक्सली मुठभेड़ हुई। जिसमें पुलिस ने दलम की एरिया कमांडर और गार्ड रहीं दो बड़ी महिला नक्सलियों को मार गिराया। दोनों पर 14-14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। बीते साल भी पुलिस ने 6 नक्सलियों को मार गिराया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…
UP के अयोध्या में बस पर पलटा ट्रक; 4 लोगों की मौत, 40 घायल

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में शुक्रवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। बाईपास पर सवारियों से भरी प्राइवेट बस के ऊपर ट्रक पलट गया। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 से ज्यादा लोग घायल हैं।
घटना की जानकारी पर DM नीतीश कुमार और DIG/SSP मुनिराज भी पहुंचे हैं। घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। वहीं, हादसे को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। उन्होंने घायलों का उचित इलाज करने के निर्देश भी दिए हैं। पूरी खबर पढ़ें…
रोम सम्राट के चित्र वाली अंगूठी 1.18 करोड़ में बिकी

रोम के पहले सम्राट आगस्टस के चित्र वाली 2000 साल पुरानी एक अंगूठी 1.18 करोड़ रुपए में नीलाम हुई। बर्मिंघम के नीलामी घर में इस अंगूठी की शुरुआती कीमत 25 हजार रुपए आंकी गई थी। इस अंगूठी को 19वीं शताब्दी में इटली के ग्रैंड टूर के दौरान एक यात्री ने खरीदा था।
जगदीश शेट्टार बोले- मैं सत्ता का भूखा व्यक्ति नहीं हूं, सिर्फ सम्मान चाहता हूं

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने कहा कि उन्होंने भाजपा छोड़ दी, क्योंकि यहां उनके स्वाभिमान को ठेस पहुंची थी। पूर्व CM ने कहा कि मुझे कोई सत्ता नहीं चाहिए, मैं केवल सम्मान चाहता हूं। मैं महत्वाकांक्षी व्यक्ति नहीं हूं, मैं सत्ता का भूखा व्यक्ति नहीं हूं। शुक्रवार को न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए उन्होंने ये बातें कहीं। पढ़ें पूरी खबर…
जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को CBI का नोटिस, इंश्योरेंस स्कैम से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए कहा

जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को CBI ने इंश्योरेंस स्कैम से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी है। वहीं, मलिक ने कहा कि मेरे जरिए रिपोर्ट किए गए मामले के संबंध में CBI ने अकबर रोड गेस्ट हाउस में कुछ स्पष्टीकरण के लिए बुलाया है। मैं राजस्थान जा रहा हूं, इसलिए मैंने उन्हें 27 से 29 अप्रैल तक की तारीख दी हैं।